टनकपुर (चंपावत)। बारिश से टनकपुर-चंपावत राजमार्ग के बुरे हाल हो गए हैं। एक ओर जहां जगह-जगह मलबा आने से मार्ग बंद होता है। वहीं, कीचड़ से वाहनों के रपटने का खतरा बना है। मंगलवार रात से लगातार हुई बारिश से निर्माणाधीन बारहमासी सड़क पर सफर जोखिम भरा हो गया है।
बुधवार सुबह सब्जी लदा कैंटर (यूपी 26 टी/2481) टनकपुर से चंपावत की ओर जा रहा था कि अमरूबैंड के पास कीचड़ में फंसकर पलट गया। गनीमत रही कि कैंटर के पलटने से पहले ही चालक एवं क्लीनर कूदकर बच निकले, वरना हादसा जानलेवा हो सकता था। कैंटर में लदी सब्जी को काफी नुकसान पहुंचा है। बता दें कि कुछ दिन पहले भी इसी स्थान पर एक और सब्जी लदा कैंटर कीचड़ में फंसकर खाई में जा गिरा था।
इधर, बारिश से बस्तिया के पास बारहमासी सड़क की सुरक्षा दीवार का काफी हिस्सा ध्वस्त होकर खाई में समा गया है, इससे अब सड़क के कटने का खतरा पैदा हो गया है।