लोहाघाट (चंपावत)। पाटी विकासखंड के राजकीय प्राथमिक विद्यालय गड्यूड़ा (नवीन) में स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) की बैठक हुई। इस दौरान शैक्षिक गुणवत्ता पर चर्चा करने के साथ विद्यालय परिसर में निजी तौर पर 50 मीटर सीसी मार्ग निर्माण के लिए सरपंच नवीन राम को सम्मानित किया गया।
एसएमसी के अध्यक्ष सतीश चंद्र भट्ट की अध्यक्षता और प्रधानाध्यापक शंकर सिंह अधिकारी के संचालन में हुए कार्यक्रम में बताया गया कि विद्यालय प्रांगण में सीसी मार्ग के बन जाने से बरसात में छात्र-छात्राओं को होने वाली दुश्वारी से निजात मिलेगी।
विद्यालय के उत्कृष्ट शैक्षिक वातावरण को देखकर राजकीय शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष पान सिंह मेहता ने अपनी ओर से बच्चों के खेल सामग्री क्रय करने के लिए नकद सहायता दी। एसएमसी अध्यक्ष सतीश चंद्र, दिलीप सिंह, तुलसी प्रसाद भट्ट, जीवन राम, नवीन राम महेश भट्ट, तारा दत्त, कैलाश राम, केशव राम आदि ने विद्यालय विकास के लिए प्रधानाध्यापक द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की।