चंपावत। जिला मुख्यालय में राष्ट्रीय राजमार्ग पर किए गए अतिक्रमण के चिन्हीकरण को लेकर विवाद गहराता जा रहा है।
बुधवार को कुछ लोगों ने डीएम से पूर्व में किए गए अतिक्रमण चिन्हीकरण पर पक्षपात और भेदभाव करने की शिकायत की। डीएम डॉ.अहमद इकबाल ने फिर से अतिक्रमण चिन्हीकरण का कार्य एसडीएम सदर सीमा विश्वकर्मा की देखरेख में कराने के आदेश जारी किए हैं। चिन्हीकरण में भेदभाव और पक्षपात करने वाले राजस्व कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन की ओर से जिला मुख्यालय में राजमार्ग पर हुए अतिक्रमण को हटाने के लिए एक सप्ताह पहले चिन्हीकरण अभियान चलाया गया था। कोतवाली से पुनेठी स्थित व्यायामशाला तक चलाए गए अभियान में 180 से अधिक स्थानों पर अतिक्रमण चिह्नित की गए थे, लेकिन कुछ लोगों ने चिन्हीकरण में पक्षपात का आरोप लगाया है।
आरोप है कि कुछ प्रभावशाली लोगों का अतिक्रमण यथावत रखने का प्रयास किया जा रहा है। बुधवार को इस संबंध में एक शिष्टमंडल ने डीएम से मुलाकात कर एक ही नक्शे के आधार पर चिन्हीकरण करने की मांग उठाई। डीएम ने इस संबंध में एसडीएम सदर को जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए हैं।