टनकपुर (चंपावत)। जिले के मैदानी शहर टनकपुर एवं बनबसा शहर में जल्द ही अतिक्रमण हटाया जाएगा। शुक्रवार से पालिका प्रशासन द्वारा बाजार की सड़कों एवं फुटपाथों का सीमांकन शुरू किया जाएगा।
वहीं, लोनिवि द्वारा पीलीभीत चुंगी से शारदा घाट मार्ग पर अतिक्रमण चिन्हित करने को कहा गया है। प्रशासन ने फुटपाथों एवं सड़कों से खुद अतिक्रमण हटाने की हिदायत देते हुए कहा है कि अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो प्रशासन कार्रवाई शुरू करेगा।
बृहस्पतिवार को एसडीएम अनिल चन्याल ने अतिक्रमण को लेकर नगर पालिका, लोनिवि एवं व्यापारियों के साथ बैठक की। व्यापारियों ने खोखा-फड़ वालों के अतिक्रमण न हटाने की वकालत की, लेकिन एसडीएम चन्याल ने कहा कि शहर के फुटपाथों एवं सड़कों पर चाहे कच्चा हो या पक्का अतिक्रमण सभी हटाया जाएगा। तय हुआ है कि पालिका प्रशासन शुक्रवार से फुटपाथों पर अतिक्रमण चिन्हित करेगा। बैठक में तहसीलदार पूनम पंत, ईओ जयवीर सिंह राठौर, व्यापार मंडल महामंत्री वैभव अग्रवाल, अनुराग अग्रवाल, मनमोहन सिंह, संजय अग्रवाल, सौरभ गुप्ता आदि मौजूद थे।