चंपावत। बड़पास ग्राम पंचायत की गूंठ गरसाड़ी वन पंचायत के चुनाव नहीं टलेंगे। यह चुनाव छह जून को ही होंगे। क्षेत्र के कुछ लोगों ने प्रशासन से वन पंचायत के चुनाव कराने से पहले आय - व्यय का ब्यौरा देने की मांग की थी, लेकिन प्रशासन ने उनकी मांग को खारिज कर दिया है।
गूंठ गरसाड़ी के निवासी घनानंद शर्मा सहित कई लोगों का आरोप है कि वन पंचायत को होने वाले आय-व्यय की जानकारी नहीं मिलने पर इस साल मार्च में सूचना के अधिकार के तहत आवेदन सूचना मांगी थी। इसके बाद भी आय-व्यय का ब्यौरा नहीं मिल पाया। कहा कि इससे वन पंचायत में धन के दुरुपयोग की आशंका नजर आती है। ग्रामीणों ने सोमवार को उप जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर चुनाव को टालने की मांग की।
एसडीएम सीमा विश्वकर्मा का कहना है कि चुनाव की प्रक्रिया को टालने के लिए पर्याप्त कारण नहीं है। आय-व्यय का ब्यौरा के लिए शिकायतकर्ता द्वारा आरटीआई के अंतर्गत सूचना मांगी थी। अगर वहां से जानकारी मिलने में कोई हीलाहवाली हो रही है, तो मामले को अपीलीय अधिकारी के समक्ष उठाया जा सकता है। दूसरी तरफ राजस्व उप निरीक्षक हरीश चंद्र गहतोड़ी का कहना है कि वन पंचायत के चुनाव 6 जून को होंगे। सबसे पहले ग्राम पंचायत की खुली बैठक के जरिए पंचों का चुनाव होगा। और ये पंच सरपंच को चुनेंगे।