चंपावत। विश्व क्षय रोग दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय में स्कूली बच्चों ने जागरूकता रैली निकाली। इस मौके पर हुई विचार गोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि टीबी की बीमारी अब लाइलाज नहीं रह गई है।
मोटर स्टेशन से शुरू हुई यह रैली मां पूर्णागिरि बीएड कालेज में संपन्न हुई। यहां आयोजित विचार गोष्ठी में डीएम डॉ.अहमद इकबाल ने कहा कि टीबी रोगी लगातार अपने बलगम की जांच कराएं। टीबी की बीमारी होने पर तुरंत चिकित्सा कराएं। ताकि दूसरे व्यक्ति इसके प्रभाव में न आ सकें। उन्होंने कहा कि वर्तमान युग में टीबी की बीमारी लाइलाज नहीं है। जिला क्षय नियंत्रण अधिकारी डा.फरीदउल ने बताया कि जिला अस्पताल, लोहाघाट, टनकपुर तथा पाटी स्वास्थ्य केंद्रों में बलगम जांच की सुविधा उपलब्ध है।
उन्होंने कहा कि क्षय रोग लाइलाज बीमारी नहीं है, इसका इलाज कराने से निर्धारित समय में रोग ठीक हो जाता है। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट धमेंद्र कुमार ने नियमित खांसी होने पर बलगम की जांच कराने और क्षय रोग पाए जाने पर चिकित्सक से परामर्श कर इलाज कराना चाहिए। इस मौके पर एसीएमओ डॉ.केसी ठाकुर, डॉ.आरपी खंडूरी, डॉ.कामिनी मेहरा, राजेंद्र गहतोड़ी, डीएन तिवारी, अधिवक्ता अमरनाथ वर्मा, श्याम नारायण पांडेय, शिव दत्त जोशी, राजू डसीला, अशोक जोशी, गोविंद चौहान, रामनारायण खर्कवाल, निशा पांडेय मौजूद थे।
न्याय विभाग ने लगाया विधिक साक्षरता शिविर
चंपावत। क्षय रोग दिवस पर न्याय विभाग की ओर से विधिक साक्षरता शिविर का भी आयोजन किया गया। जिसमें विविध कानूनों की जानकारी देने के साथ कानूनी पुस्तकों का भी वितरण किया गया। विधिक साक्षरता शिविर में डीएम ने विभिन्न विवादों को सुलझाने, भूमि संबंधित प्रकरणों पर विद्यार्थियों को जानकारी देने के साथ नियमित अध्ययन करने को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि कानूनी ज्ञान के लिए कानूनी ज्ञानमाला पुस्तकों का लगातार अध्ययन उपयोगी सिद्ध होगा।