टनकपुर (चंपावत)। महाशिवरात्रि पर्व पर मंगलवार को शिवालय मंदिर में जलाभिषेक के लिए खटीमा के शिवभक्त सोमवार को शारदा से जल लेकर खटीमा को रवाना हुए। शारदा स्नानघाट सुबह से ही हर-हर महादेव की उद्घोष से गुंजायमान रहा।
जय श्री महाकाल महाराज शिवशक्ति कांवड़ सेवा समिति खटीमा के तत्वावधान में आए दर्जनों कांवड़ियों ने शारदा से जल भरा और शिव के डोलेे के साथ भजन-कीर्तन पर थिरकते खटीमा को पैदल रवाना हुए। समिति के अध्यक्ष विजय गुप्ता, सचिव संजय अग्रवाल और कोषाध्यक्ष विपिन गुप्ता ने बताया कि महाशिवरात्रि पर मंगलवार को खटीमा में भगवान शिव की भव्य बारात निकाली जाएगी।
समिति द्वारा 25 निर्धन कन्याओं का सामूहिक विवाह कराने के बाद रात भर भगवान शिव की महिमा का गुणगान होगा। कार्यक्रम खटीमा मेलाघाट रोड स्थित रामलीला मैदान में आयोजित होगा। इधर क्षेत्र के शिवालयों को महाशिवरात्रि के लिए सजाया गया है। दर्शन व पूजा-पाठ के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। मुक्तेश्वर महादेव मंदिर, पंचमुखी महादेव मंदिर, ज्ञानखेड़ा स्थित शिवालय, छीनीगोठ शिवालय, सैलानीगोठ शिवालय आदि मंदिरों में महाशिवरात्रि पर भक्तों का भारी सैलाब उमड़ेगा।