बनबसा (चंपावत)। एसपी धीरेंद्र सिंह गुंज्याल ने बनबसा बार्डर का निरीक्षण कर मातहतों को सीमा पर खास सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। कानून व्यवस्था के तहत उन्होंने सुरक्षा एजेंसियों से भी मंथन भी किया।
शनिवार को बनबसा बार्डर का जायजा लेने पहुंचे एसपी ने एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट को मानव तस्करी की रोकथाम के लिए चौकस रहने के निर्देश दिए। बालश्रम और महिला तस्करी पर खास सतर्क रखने को कहा।
सीमा पर इमिग्रेशन चेकपोस्ट कार्यालय भवन का भी उन्होंने निरीक्षण किया और विदेशियों की आवाजाही आदि के बारे मालुमात की। शारदा बैराज चौकी के कामकाज की समीक्षा की और सीमा पर लगाए गए सीसी कैमरों का अवलोकन किया। इससे पहले शुक्रवार रात उन्होंने बनबसा थाने में अधिकारियों और कर्मचारियों की बैठक लेकर उन्हें अपनी ड्यूटी जिम्मेदारी से निभाने और क्षेत्र की कानून व्यवस्था चाक चौबंद रखने के निर्देश दिए। इस दौरान सीओ आरएस रौतेला, इमिग्रेशन चेकपोस्ट अधिकारी आरपी टम्टा, थानाध्यक्ष मनीष खत्री, शारदा बैराज चौकी प्रभारी एसआई गोविंद सिंह आदि मौजूद थे।