चंपावत। जिले में नगर निकायों के मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण का कार्यक्रम निर्धारित कर दिया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ.अहमद इकबाल ने बताया कि 18 जनवरी को कार्य क्षेत्र आवंटन के साथ पुनरीक्षण की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
19 जनवरी को प्रशिक्षण तथा 20 जनवरी से चार फरवरी तक संगणक द्वारा घर-घर जाकर गणना और सर्वेक्षण किया जाएगा। पांच फरवरी से नौ फरवरी तक प्रारूप नामावली की पांडुलिपि तैयार की जाएगी तथा 10 से 23 फरवरी तक प्रारूप नामावलियों का मुद्रण, 24 फरवरी से पांच मार्च तक आलेख्य का प्रकाशन, निरीक्षण एवं दावे आपत्ति दाखिल की जाएगी।
छह से 12 मार्च तक दावे तथा आपत्तियों का निस्तारण, 13 से 17 मार्च तक पूरक सूचियों की तैयारी व मुद्रण तथा 19 मार्च को मतदाता सूचियों का जनसामान्य के लिए अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों में उन सभी व्यक्तियों के नाम मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे जो एक जनवरी को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके हैं।