लोहाघाट (चंपावत)। बाराकोट विकासखंड की गल्लागांव-देवलमाफी सड़क की बदहाली का मसला अब जिलाधिकारी के समक्ष उठाया जाएगा। 15 साल पूर्व बने इस मार्ग में जगह-जगह पर गड्ढे बने हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अनेकों बार सड़क की हालत सुधारने को ग्रामीण आवाज उठा चुके हैं, लेकिन कोई कदम नहीं उठाया जा सका है।
बैड़ाओड़ वन पंचायत के सरपंच विनोद कुमार की अध्यक्षता और जगजीवन व संजय के संचालन में हुई बैठक में ग्रामीणों ने कहा करीब डेढ़ दशक पूर्व बनी यह सड़क चार हजार की आबादी वाली सात ग्राम पंचायतों को जोड़ती है। लेकिन इस सड़क में सफर करना जोखिम भरा बना हुआ है। सेरी से देवली माफी के बीच तो कई जगह झाड़ियां उग चुकी है।
बैठक में तय किया गया कि मार्ग की हालत को सुधारने के लिए अब ग्रामीण जिलाधिकारी कार्यालय में आवाज उठाएंगे। फिर भी सड़क के हाल ठीक नहीं होने पर आंदोलन की राह अपनाई जाएगी। इस मौके पर श्याम सिंह, निर्मल कुमार, सुरेश कुमार, दीपक तिवारी, मनोज तिवारी, जानकी देवी, मंजू देवी, गोपी देवी, पार्वती देवी आदि मौजूद रहे।