लोहाघाट (चंपावत)। दिवाली पर्व को देखते हुए आदर्श थाना लोहाघाट में पुलिस, प्रशासन और व्यापारियों की बैठक हुई। इस मौके पर ज्योति पर्व दिवाली पर्व को शांतिपूर्वक ढंग से मनाने की अपील की गई। इस मौके पर नगर की यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए जरूरी कदम उठाने के साथ सहयोग की अपील की गई।
उप जिलाधिकारी आरसी गौतम ने लोगों से दिवाली पर्व को भाईचारे के साथ मनाने की अपील करते हुए प्रशासन द्वारा उठाए गए कदमों की जानकारी दी। पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रयाग सिंह कफलिया ने कहा कि नगर की यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए पुलिस की पूरी व्यवस्था की गई है। कहा कि सड़कों में अव्यवस्थित ढंग से खड़े वाहनों का चालान किया जाएगा। सीओ ने कहा कि दिवाली पर्व शांतिपूर्वक ढंग से मनाने के लिए जगह-जगह पुलिस का बंदोबस्त किया गया है। अराजकता फैलाने वाले असामाजिक तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा।
थानाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह बृजवाल ने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने लोगों से दुपहिया वाहनों के संचालन के समय हेलमेट पहनने के साथ वाहनों के सभी जरूरी कागजात साथ में रखने को कहा। इस मौके पर व्यापार संघ अध्यक्ष भैरव राय, विधायक प्रतिनिधि गोविंद वर्मा, जिला वक्फ बोर्ड के सदर हसमत हुसैन आदि व्यापारी मौजूद थे।