लोहाघाट में कृषि कर्ज मेले को संबोधित करते विधायक पूरन फर्त्याल
- फोटो : अमर उजाला
पंडित दीन दयाल उपाध्याय सहकारिता किसान कल्याण योजना के तहत एक दिनी वृहद कृषक ऋण मेले में 14 साधन सहकारी समितियों से जुड़े 215 किसानों को दो प्रतिशत वार्षिक ब्याज दर पर 2.83 करोड़ रुपये का कर्ज दिया गया। मंगलवार को शिवालय पार्क में सहकारिता विभाग के निदेशक हयात सिंह माहरा की अध्यक्षता में हुए कृषक मेले का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक पूरन सिंह फर्त्याल ने किया।
डीएम डॉ.अहमद इकबाल ने कहा कि इस योजना को अन्य संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर संचालित किया जाएगा। पिथौरागढ़ जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष दल बहादुर सिंह बाफिला ने कहा कि बैंक और सहकारिता विभाग दोनों समन्वय स्थापित करते हुए योजना को संचालित करें। सीडीओ एसएस बिष्ट और सहकारी समितियों के उप निबंधक एमपी त्रिपाठी ने योजना की बारीकियों की जानकारी देने के साथ ही कलस्टर आधारित खेती को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
महेश बोहरा, भूपेंद्र प्रकाश जोशी और होशियार सिंह कार्की के संचालन में हुए कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य सुषमा फर्त्याल, प्रहलाद सिंह मेहता, गोविंद वर्मा, भाजपा जिला महामंत्री नवीन बोहरा, सहायक निबंधक पीएस राणा, जीएम राम अवध, कमला मेहरा आदि मौजूद थे।
कृषक मेले में कई स्टाल लगे
लोहाघाट के शिवालय पार्क में दीन दयाल उपाध्याय सहकारिता किसान कल्याण योजना के तहत लगे कृषक मेले में कृषि से संबंधित कई विभागों ने स्टाल लगाकर लोगों को जानकारियां दी। मेले में जिला सहकारी बैंक, पशुपालन, उद्यान विभाग, मां बाराही स्वायत्त सहकारिता महासंघ, दुग्ध संघ आदि ने स्टाल लगाए थे। जिसमें उन्होंने लोगों को कम मूल्य पर यंत्र और बीजों की बिक्री की।