टनकपुर (चंपावत)। पर्वतीय क्षेत्रों में हुई बारिश से शारदा नदी का जल स्तर बढ़ गया है। जल स्तर अचानक बढ़ने से शारदा के अप स्ट्रीम खनन क्षेत्र से खनिज निकासी के लिए गए करीब एक दर्जन शक्तिमान ट्रक टापू में फंस गए हैं। वहीं नदी पार करने के प्रयास में खनिज लदा एक ट्रक पलटने से बच गया। बाद में फंसे ट्रक को बमुश्किल निकाला गया। सुरक्षा के लिहाज से खनन विभाग ने अप स्ट्रीम से श्रमिकों को खनन क्षेत्र से बाहर निकाल दिया है।
पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश से शारदा का जल स्तर लगातार बढ़ रहा है। जिससे अप स्ट्रीम से खनिज निकासी प्रभावित हो गई है। बृहस्पतिवार की दोपहर अचानक जल स्तर बढ़ने से खनिज निकासी मार्ग बह गया है, जिससे करीब एक दर्जन ट्रक अप स्ट्रीम के टापू में फंसे रहे, जिन्हें देर शाम तक बमुश्किल निकाला गया। बनबसा बैराज कंट्रोल रूम के मुताबिक सुबह के वक्त जल स्तर 7171 था जो अब बढ़कर 7343 पहुंच गया है। जल स्तर बढ़ने से अप स्ट्रीम से खनिज निकासी प्रभावित रही। खनन प्रभारी हरीश पाल ने बताया कि जल स्तर बढ़ने से श्रमिकों और वाहन मालिकों को अलर्ट किया गया है। वहीं जल स्तर बढ़ा रहने तक अप स्ट्रीम में पंजीकृत वाहनों को डाउन स्ट्रीम से खनिज निकासी की छूट दी गई है।