चंपावत। जिलाधिकारी रणवीर सिंह चौहान ने यहां नव निर्मित रोडवेज बस स्टेशन की सभी व्यवस्थाओं को पूरा करने के निर्देश दिए हैं। बुधवार को पुराने लोक निर्माण विभाग खंडीय कार्यालय परिसर पर बने बस स्टेशन का मुआयना करते हुए उन्होंने बसों के पार्क होने से लेकर यात्रियों की सुविधाओं की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। परिवहन निगम के सहायक मंडलीय प्रबंधक केएस राणा से सभी व्यवस्थाओं को तुरंत पूरा करने को कहा, ताकि इसे जल्द से जल्द शुरू कराया जा सके।
बाद में डीएम ने बंद हो चुकी रोजिन टरपंटाइन फैक्ट्री परिसर की जमीन पर बन रहे तहसील भवन का स्थलीय निरीक्षण किया। तहसील भवन के लंबे समय से लटके काम को फिर से शुरू कराने के लिए मिट्टी के परीक्षण उच्च स्तरीय लैब में कराने में व्यक्तिगत दिलचस्पी लेने को कहा। कहा कि तहसील भवन के काम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके लिए कार्यदायी संस्था को तलब किया गया है। काम को समयबद्ध तरीके से गुणवत्ता के साथ पूरा कराने के आदेश दिए गए। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी त्रिलोक सिंह मर्तोलिया, उप जिलाधिकारी सदर सीमा विश्वकर्मा, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मनोज पांडेय आदि मौजूद थे।