बनबसा (चंपावत)। कैनाल गेट से गढ़ीगोठ पुल तक दो वर्ष पहले लोनिवि की ओर से बनाया गया संपर्क मार्ग जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गया है। करीब चार किमी लंबे इस मार्ग पर गहरे गड्ढे हो गए हैं, इससे वाहन चालकों को परेशानी होती है। बताया गया कि पिछले वर्ष यूपी सिंचाई विभाग द्वारा नहर की सफाई कर रही जेसीबी से यह मार्ग क्षतिग्रस्त हुआ है। मार्ग का जीर्णोद्धार शीघ्र नहीं होने पर ग्रामीणों ने उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
इस मार्ग से प्रतिदिन करीब तीन से साढ़े तीन हजार लोग आवाजाही करते हैं। गढ़ीगोठ के गुदमी, नया बस्ती, भैंसाझाला, लाटाखल्ला, बनबसा ग्रामसभा के चंदफार्म के ग्रामीणों के अलावा एसएसबी और नेपाल के चांदनी दोधारा के ग्रामीणों के लिए यह संपर्क मार्ग लाइफ लाइन है। दो वर्ष पहले लोनिवि ने पचास लाख रुपये की लागत से उक्त मार्ग का जीर्णोद्धार कराया था, लेकिन अब इस महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग पर गड्ढे पड़ने से ग्रामीणों को दिक्कत होती है। गुदमी के प्रधान अरुण कुमार, देवीपुरा की प्रधान माला देवी, उपप्रधान कमला उप्रेती, बीडीसी सदस्य महेश जोशी, पुष्कर कापड़ी, गजेंद्र चंद आदि ने उक्त संपर्क मार्ग का जीर्णोद्धार शीघ्र कराने की मांग की है।
कोट---
मार्ग क्षतिग्रस्त होने में विभाग या ठेकेदार की कोई लापरवाही नहीं है। पिछले वर्ष यूपी सिंचाई विभाग द्वारा शारदा नहर की सफाई को लगाई गई जेसीबी से मार्ग क्षतिग्रस्त हुआ है, इसकी विभाग द्वारा जांच तक की गई थी। यूपी सिंचाई विभाग ने मार्ग की मरम्मत करने को कहा था, जिसे अब तक नहीं किया गया है। -एपीएस बिष्ट, एसडीओ लोनिवि, टनकपुर।
कोट---
क्षेत्र की दो सड़कों के जीर्णोद्धार को प्रस्ताव यूपी सिंचाई विभाग को भेजा गया है। स्वीकृति मिलते ही सड़कों की मरम्मत का कार्य करा दिया जाएगा। -बृजेश मौर्य, एसडीओ, शारदा हेडवर्क्स, बनबसा।