लोहाघाट (चंपावत)। देहरादून में हुई 15 वीं राज्य स्तरीय कराटे प्रतियोगिता में जिले के खिलाड़ियों ने अपना परचम लहराया है। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने 10 स्वर्ण, पांच रजत और 14 कांस्य पदक झटककर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। खिलाड़ियों के गृह क्षेत्र में पहुंचने पर खेल प्रेमियों ने उनका स्वागत किया।
बुधवार को जिला कराटे डो समिति के जिलाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में हुए सम्मान समारोह में कोच दीपक अधिकारी सहित पदक विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। कोच दीपक अधिकारी ने बताया कि 29 सितंबर से दो अक्तूबर तक देहरादून में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिले के खिलाड़ियों ने कुल 29 पदक झटके। उन्होंने बताया कि साक्षी बिष्ट, ज्योति बिष्ट, अंकित पांडेय ने कांता और कुमते में दो-दो स्वर्ण पदक झटके।
मयंक दुगताल ने कुमीते में स्वर्ण, कांता में कांस्य, उन्नयन पांडेय ने कांता में स्वर्ण, कुमीते में कांस्य, वत्सला जोशी ने कांता, दीपांशु उप्रेती ने कुमीते में स्वर्ण पदक जीता। पवन ज्याला, गौरव चिल्कोटी, छाया चौबे ने कुमीते में कांस्य, यशराज करायत ने कुमीते में रजत, कांता में कांस्य पदक, भुवनेश जोशी, इंकिता पांडे, सांची मुरारी, श्रेया चौहान, युवराज बिष्ट, आशीष पंरिया, पूजा निषाद, दक्ष निषाद, छाया नेगी ने कुमीते में कांस्य पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया है। सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया।