टनकपुर (चंपावत)। सैलानीगोठ नईबस्ती की ओर शारदा से हो रहे भू-कटाव से ग्रामीण खासे चिंतित हैं। एनएचपीसी द्वारा पूर्व में किए गए बचाव कार्य से असंतुष्ट गांव की महिलाओं ने मंगलवार को तहसील पहुंचकर एसडीएम अनिल सिंह गर्ब्याल को ज्ञापन सौंपा और भू-कटाव से बचाव के ठोस उपाय करने की मांग की।
बारिश से उफनाई शारदा सैलानीगोठ नईबस्ती गांव के शुरुआती छोर पर गांव की ओर तेजी से कटाव कर रही है। बीते माह कटाव में तेजी को देखते हुए विधायक कैलाश गहतोड़ी के निर्देश पर एनएचपीसी ने कटाव रोकने की कोशिश की, लेकिन कटाव की रफ्तार अब भी नहीं थमी है।
मंगलवार को लक्ष्मी द्विवेदी के नेतृत्व में तहसील पहुंचीं गांव की महिलाओं ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा और कटाव रोकने को शीघ्र वायरक्रेट लगाने या आरसीसी की सुरक्षा दीवार बनाने की मांग की। ज्ञापन देने वालों में रेखा तिवारी, गीता कार्की, आशा राय, पार्वती देवी, लक्ष्मी देवी, शांति मौनी, गीता राय आदि शामिल थीं।