टनकपुर (चंपावत)।
मां श्री पूर्णागिरि मेले में श्रद्धालुओं की आवाजाही का क्रम बना है। अवकाश के कारण रविवार को मां के दरबार में करीब 35 हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। ज्यादातर श्रद्धालुओं के रात के वक्त निजी वाहनों पर आने से पुलिस को यातायात व्यवस्था नियंत्रित करने में खासी मशक्कत करनी पड़ी।
मां के धाम में शनिवार शाम से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़नी शुरू हो गई थी। श्रद्धालु ट्रेन, रोडवेज की बसों, बाइकों एवं साइकिलों के साथ ही निजी वाहनों से मां के दरबार पहुंचे, लेकिन ज्यादातर श्रद्धालुओं के निजी वाहनों से आने के कारण यातायात व्यवस्था पटरी से उतर गई। स्थिति यह रही कि पहला पड़ाव क्षेत्र ठुलीगाड़ निजी वाहनों से पटने के बाद वाहनों को लादीगाड़ से सड़क किनारे खड़े कराने पड़े। ठुलीगाड़ थानाध्यक्ष राजेश पांडेय ने बताया कि वाहनों के अचानक अधिक संख्या में आने से कुछ देर यातायात व्यवस्था बिगड़ी, लेकिन जल्द उसे नियंत्रित कर लिया गया था।
दस दिन से ठप मोबाइल संचार सेवा सुचारु
दस से ठप मां पूर्णागिरि धाम क्षेत्र की बीएसएनएल मोबाइल संचार सेवा बहाल हो गई है। टावर में आई खराबी पकड़ में न आने से विभाग को देहरादून से तकनीशियनों की टीम बुलानी पड़ी। विभाग के जेटीओ दीपक पासवान के मुुताबिक एंटिना का नेटवर्क सिग्नल से हटने से सेवा बाधित हो गई थी, जिसे ठीक कर सेवा सुचारु कर दी गई है।