चंपावत। सीडीओ शैलेंद्र सिंह बिष्ट ने नगरपालिका व नगर पंचायतों में शहरी क्षेत्र के बेघर परिवारों का पूर्व में किए गए सर्वेक्षण को तृतीय पक्ष से सत्यापित कराने तथा छूटे बेघर परिवारों को सूची में अंकित करने के निर्देश दिए है। शुक्रवार को विकास भवन में आयोजित बैठक में उन्होंने अधिशासी अधिकारियों से सर्वेक्षण में पारदर्शिता रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि जिला युवा कल्याण अधिकारी को सर्वेक्षण के लिए नोडल अधिकारी नामित किया गया है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के पास अपना मकान व सेलफोन तक नहीं है तथा जो पार्क, बस व रेलवे स्टेशन, बड़े पाईपों या खुले में रह रहे हैं उन्हें प्राथमिकता के साथ सूचीबद्ध किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे परिवार को चिह्नित करें जो राज्य का निवासी होने के साथ संबंधित नगरपालिका या नगर पंचायत के किसी वार्ड का स्थायी निवासी हो। बैठक में जिला विकास अधिकारी आरसी तिवारी, जिला युवा कल्याण अधिकारी पी जोशी के अलावा सभी निकायों के अधिशासी अधिकारी मौजूद रहे।