चंपावत। होली के बाद तीन मार्च से शुरू हो 101 दिनों तक चलने वाले मां पूर्णागिरि धाम के सरकारी मेले के लिए पहली बार यातायात व्यवस्था के लिए अलग पुलिस प्रबंध किया गया है। जिले के प्रवेशद्वार बनबसा से लेकर भैरव मंदिर तक के करीब 30 किमी भाग को तीन हिस्सों में बांटकर दरोगाओं को जिम्मा सौंपा गया है। विभिन्न जिलों के पुलिस प्रमुख, उपमहानिरीक्षकों को पत्र भेज ट्रैक्टर, मालवाहक वाहनों से मां पूर्णागिरि धाम आने वाले तीर्थयात्रियों को रोकने का आग्रह किया गया है।
एसपीधीरेंद्र गुंज्याल ने बताया कि बनबसा से ककरालीगेट तक, ककरालीगेट से ठुलीगाड़ तक, ठुलीगाड़ से भैरव मंदिर तक के मोटर मार्ग पर यातायात को सुव्यवस्थित करने के लिए तीन पुलिस अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। पंचेश्वर कोतवाली के दरोगा कुंदन सिंह बोरा को ककरालीगेट तक, पुलिस विभाग के यातायात उपनिरीक्षक ज्योति प्रकाश को ठुलीगाड़ तक, लोहाघाट के दरोगा हरीश प्रसाद को भैरव मंदिर तक की यातायात व्यवस्था पर नियंत्रित करने का दायित्व दिया गया है। पुलिस की इन तीन टीमों को जाम से बचाव से लेकर यातायात सुरक्षा आदि व्यवस्था करने का जिम्मा होगा। एसपी ने बताया कि यातायात को संवारने के लिए परिवहन विभाग से भी समन्वय किया जाएगा। ट्रैक्टर आदि मालवाहक वाहनों में तीर्थयात्रियों की आवाजाही पर पूरी तरह रोक होगी।
पूर्णागिरि मेला क्षेत्र में पांच थाना क्षेत्र बनाए
चंपावत। मां पूर्णागिरि धाम के मेला क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था के लिए तगड़े इंतजाम का दावा किया गया है। इसके लिए मेला क्षेत्र में पांच पुलिस थाने, चौकियां बनाए गए हैं। इन थाने-चौकियों में प्रभारियों की तैनाती कर दी गई है। इन प्रभारियों को दो मार्च तक अपने स्थानों में आमद करनी होगी। एसपी धीरेंद्र गुंज्याल ने बताया कि ठुलीगाड़, भैरव मंदिर, मुख्य मंदिर, काली मंदिर, हनुमानचट्टी में अस्थायी थाना-चौकी बनाई गई है। चंपावत के दरोगा राजेश पांडेय को ठुलीगाड़, दीवान सिंह जलाल को भैरव मंदिर का थानाध्यक्ष बनाया गया है। गोविंद बल्लभ भट्ट को मुख्य मंदिर, विनोद यादव को काली मंदिर, नवल किशोर को हनुमान चट्टी का प्रभारी बनाया गया है। गर्मियों में होने वाले इस मेले में आग से बचाव के लिए ठुलीगाड़, भैरव मंदिर में अग्निशमन दस्ते की तैनाती के साथ पानी की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। मेले से पूर्व पुलिस की टीम लोगों को जागरूक करने के साथ ही आग से बचाव के लिए अन्य एहतियाती कदम उठाएगी। सुरक्षा के मद्देनजर महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी लगाए जाएंगे। वहीं मेला क्षेत्र की मुख्य दुकानों पर भी दो-दो सीसीटीवी की व्यवस्था कराई गई है।