लोहाघाट (चंपावत)। लोहाघाट में पांचवां होली रंग महोत्सव शुरू हो गया है। श्रीराम सेवा सांस्कृतिक रामलीला कमेटी के तत्वावधान में हुए महोत्सव में पहले दिन रामलीला कमेटी, सुंई, कोयाटी और कलीगांव के होल्यारों ने शानदार होली का गायन कर खूब वाहवाही लूटी। सांसद महेंद्र सिंह माहरा और प्रदीप टम्टा ने महोत्सव का आगाज किया। सांसद टम्टा ने मंच सुंदरीकरण के लिए पांच लाख रुपये देेने की घोषणा की। दो दिनी महोत्सव को लेकर होल्यारों में उत्साह बना है।
नगर पंचायत के सहयोग से रामलीला मैदान में शुरू हुए रंग महोत्सव का श्रीगणेश रामलीला कमेटी के महिला और पुरुष होल्यारों ने गणपति वंदना से किया। उसके बाद होल्यारों ने थाकुर थय्या-थय्या होत वृंदावन में, वृंदावन में रास रचो है, मुरली बैन बाजे रसिया आदि होली गीतों का गायन किया। महिला होल्यारों में नगर पंचायत अध्यक्ष लता वर्मा, किरन पुनेठा, शांति वर्मा, हेमा जोशी, मीनू पुनेठा, किरन पंगरिया, निर्मला अधिकारी, सुधा खर्कवाल, सुशीला बोहरा आदि शामिल थीं। नरेश चंद्र राय, जीवन मेहता के संचालन में हुए महोत्सव में सुंई के होल्यारों ने शानदार होली का प्रदर्शन किया।
होल्यारों ने हो टलने की नाहीं जो-जो लिखी विधि ब्रह्मा, दशरथ राजा मांस काटन गये, अंगूठा लागी फांस, राजा के रहना नींद न होय, धन्न करम तेरी लीला और सीता राम को ब्याहुन सखियो चलो जनकपुर जाना है गीत का शानदार गायन किया। इस टीम के होल्यार राजेश चौबे, रमेश चौबे, रमेश खर्कवाल, लक्ष्मी दत्त खर्कवाल आदि होल्यारों का मागर्दशन कर रहे थे।
कोयाटी के होल्यारों ने सौ-सौ सेना साथ अभिमन्यु चक्रव्यूह को तोड़ चले, कौरव दल ने व्यूह रचो है, पांडव दल ललकार और मत जाओ पिया होरी आई रही, घर आओ पिया होरी आई रही, पंय्या पड़त हूं, अर्ज करत हूं, बांह पकड़ समझाय रही, मत जाओ पिया होरी आई रही गीत की प्रस्तुति दी। होल्यार शिवराज बोहरा, नाथ सिंह, कैलाश बोहरा, बद्री सिंह बोहरा थे।
कलीगांव के होल्यारों ने उठी दही की कीच कुंवर भले विराजे मथुरा में, मथुरा के हम ग्वाल गुजरिया और झनकारो झनकारो झनकारो गोरी प्यारो लगो तेरो झनकारो गीत प्रस्तुत किया। मदन राम, कैलाश मेहता, दिवान पुजारी होल्यारों का मार्गदर्शन कर रहे थे। आयोजन समिति की ओर से संरक्षक प्रहलाद मेहता, मुकेश साह, आनंद पुजारी, ईश्वरी लाल साह, जीवन गहतोड़ी, दीपक सुतेड़ी, पारस जुकरिया, महेश राय, हरीश मेहता आदि ने होल्यारों का स्वागत किया।
सुंई के ढोल वादकों ने मन मोहा
लोहाघाट होली रंग महोत्सव में आए सुुंई के ढोल वादकों ने विशिष्ट अंदाज में ढोल बजाकर दर्शकों का मन मोहा। ढोल में खास अंदाज से ताल ठोककर चंद्रकांत चौबे, राजेश चौबे और दिनेश पुजारी, हेम जोशी की जोड़ी होल्यारों में जोश भर रही थी। होली के ढोलों की थाप और कदम से कदम मिलाकर होल्यारों द्वारा किया गया होली गायन लोगों का आकर्षण का केंद्र बना रहा।