चंपावत। होली से ठीक पहले खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से जिला मुख्यालय की दुकानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान बासी खाद्य पदार्थों, मिठाई, जलेबी आदि को नष्ट किया गया तथा पांच दुकानों से खोया, तेल, बेसन और मिठाई के नमूने लेकर उन्हें परीक्षण के लिए रुद्रपुर लैब भेजा गया।
विभाग की ओर से शांत बाजार, मुख्य बाजार, तहसील रोड, टनकपुर रोड की 48 दुकानों का निरीक्षण किया गया। दो दुकानों से खोये और तीन दुकानों से तेल, बेसन, मिठाई के नमूने लिए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी आरएस कठायत के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के तहत परचून, मिठाई, होटल, रेस्टोरेंट, वितरकों की दुकानों के साथ ही मीट की दुकानों का भी निरीक्षण किया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान रोडवेज चालकों और परिचालकों को विशेष हिदायतें दी गई कि वह होली से पहले लावारिस मावा अथवा खोया न लाएं। लावारिस खोया, पनीर या मावा मिलने पर संबंधित चालक परिचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान खाद्य सुरक्षा अभिहीत अधिकारी योगिता तिवारी, कमल सिंह, प्रेरणा, किशन गिरी आदि शामिल रहे।