लोहाघाट (चंपावत)। राजकीय पीजी कॉलेज खेल मैदान में स्वामी विवेकानंद मेमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता शुरू हो गई है। उद्घाटन मैच में ढेक इलेवन ने 23 रनों से जीत हासिल कर अगले चक्र में प्रवेश किया। शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य सुषमा फर्त्याल व विशिष्ट अतिथि प्राचार्य प्रो केकेएस नेगी ने किया। मुख्य अतिथि ने आयोजकों को पांच हजार रुपये की राशि प्रदान की।
ढेक इलेवन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए नौ विकेट खोकर 176 रन बनाए। निखिल ने सर्वाधिक 56 रन की शानदार पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करते हुए पुलिस लाइन चंपावत की टीम 153 रन ही बना सकी। ढेक इलेवन के निखिल तड़ागी को मैन ऑफ मैच दिया गया। अंपायरिंग अमित फर्त्याल व विवेक फर्त्याल ने की। जबकि स्कोरर प्रदीप मेहरा थे। आंखों देखा हाल रोबिन मेहता व सूरज बड़ेला ने सुनाया। आयोजक इंदर ढेक, सरू करायत, दीपक फर्त्याल, संदीप बगौली राहुल जोशी आदि मौजूद थे। शुक्रवार को फर्त्याल इलेवन और मां झूमाधुरी इलेवन के बीच मैच होगा।