बनबसा (चंपावत)।
एसएसबी ने एक तस्कर के कब्जे से विदेशी सौंदर्य प्रसाधन का सामान पकड़ा है। एसएसबी ने तस्कर को पकड़े गए सामान के साथ भारतीय कस्टम विभाग के सुपुर्द कर दिया। पकड़े गए सामान का मूल्य करीब सोलह लाख रुपये बताया गया है।
रविवार सुबह एसएसबी 57वीं वाहिनी की डी कंपनी मुख्यालय धनुषपुल और गढ़ीगोठ सीमा चौकी के जवान कंपनी कमांडर मग सिंह के निर्देश पर भारत-नेपाल सीमा पर पेट्रोलिंग कर रहे थे। जैसे ही एसएसबी के जवान भारत-नेपाल सीमा पिलर संख्या 801/10 के करीब पहुंचे, उन्हें नेपाल से गढ़ीगोठ के जंगल के रास्ते भारतीय सीमा पर एक सामान लदी बाइक आती दिखाई दी। एसएसबी जवानों को देख चालक ने बाइक की गति तेज कर दी, लेकिन मुस्तैद एसएसबी जवानों ने उसे पकड़ लिया। एसएसबी कमांडर ने बताया कि बाइक में करीब सोलह लाख रुपये का विदेशी सौंदर्य प्रसाधन का सामान लदा था। एसएसबी ने उक्त तस्कर बनबसा निवासी दिनेश कुमार उर्फ पप्पू को पकड़े गए सामान और बाइक के साथ खटीमा स्थित कस्टम विभाग के सुपुर्द कर दिया। एसएसबी गश्ती दल में एसआई कुलदीप चंद राणा, हेड कांस्टेबल एस पलानी, कांस्टेबल विठ्ठल निगारी, विक्रम कुमार, अनिल पांडेय, मन्नू कुमार, प्रद्युमन कुमार, ज्ञानेंद्र कुमार आदि शामिल थे।