बनबसा (चंपावत)। सीमा पर भारत-नेपाल के बीच आवागमन सामान्य हो गया है। नेपाल में कम्युनिस्ट पार्टी विप्लव गुट के आह्वान पर एक दिनी बंद का बनबसा के कारोबार पर आंशिक असर पड़ा था। बनबसा से लगे नेपाल के कंचनुपर जिला मुख्यालय महेंद्रनगर में भी ऐसा ही हाल था।
बृहस्पतिवार को नेपाल में कम्युनिस्ट पार्टी विप्लव गुट (नेत्र विक्रम चंद के नेतृत्व वाली नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी) ने नेपाल सरकार की कथित दमनकारी नीतियों, नेपाल जेल में बंद अपने कार्यकर्ताओं की रिहाई और देश में व्याप्त भ्रष्टाचार जैसी समस्याओं आदि को लेकर एक दिनी बंद का आह्वान किया था।
बंद का बनबसा से लगे कंचनुपर जिला मुख्यालय महेंद्र नगर में आंशिक असर रहा। सुरक्षा के तहत भारतीय प्रशासन ने भारतीय वाहन चालकों को नेपाल न जाने की सलाह दी थी।
शारदा बैराज चौकी प्रभारी एसआई गोविंद सिंह ने बताया कि शुक्रवार को दोनों देशों के बीच आवागमन और व्यापार पूर्व की भांति सामान्य हो गया है।