लोहाघाट (चंपावत)। नगर में आए दिन लगने वाले जाम से लोगों को निजात नहीं मिल पा रही है। शनिवार को समय-समय पर कई बार जाम लगने से स्कूली बच्चों, सरकारी कर्मचारियों और एंबुलेंस के वाहनों को दिक्कत झेलनी पड़ी।
शीतला माता मंदिर से लेकर हिटलर मार्केट तक पांच बार जाम लगा। दोपहर में पिथौरागढ मार्ग पर लगे जाम में कई स्कूली वाहन फंस गए। इस दौरान स्टेशन बाजार से पंचेश्वर टैक्सी स्टेंड तक दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। यातायात कर्मियों को भी जाम खुलवाने में पसीने छूट गए। लोगों का कहना है कि स्टेशन बाजार में दिन में मालवाहक, ट्रांसपोर्ट वाहनों आदि के सामान उतारने-चढाने और वाहन चालकों द्वारा मनमाने तरीके से वाहनों को खड़ा करने से जाम की समस्या विकराल रूप ले रही है। लोगों का कहना है कि पुलिस, प्रशासन और व्यापार संघ की बैठकों में लिए गए निर्णयों का पालन नहीं होने से यह परेशानी आ रही है। इधर थानाध्यक्ष मनीष खत्री का कहना है कि आड़े तिरछे वाहन खड़ा करने वाले लोगों के लगातार चालान हो रहे हैं।