लोहाघाट (चंपावत)। 27 जनवरी को च्यूरानी हादसे के बाद टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर परिवहन, पुलिस और राजस्व विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार को सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 15 वाहन चालकों के चालान काटे। चेकिंग दल के आने की भनक लगने पर ज्यादातर डग्गमार वाहन सड़क से इधर-उधर हो गए। एआरटीओ एके झा ने टीम के साथ च्यूरानी के पास पिकअप दुर्घटना स्थल के अलावा कई जगह सड़क का निरीक्षण भी किया।
चेकिंग अभियान में ओवरलोडिंग, परमिट, तेज गति, ड्राइविंग लाइसेंस आदि में गड़बड़ी मिलने पर 15 छोटे-बड़े वाहनों का चालान किया गया। टीम ने वाहन चालकों को वाहन की फिटनेस, घिसे टायरों का प्रयोग न करने सहित हादसे से बचाव के लिए जागरूक भी किया। साथ ही दूसरी बार गड़बड़ी मिलने पर लाइसेंस निरस्त करने के साथ वाहन के परमिट को निरस्त करने की चेतावनी भी दी गई। अभियान में टनकपुर के फोरमैन सुरेश चंद्र पांडेय के अलावा पुलिस और राजस्व विभाग की टीम भी शामिल थी।