टनकपुर (चंपावत)। श्री ब्यानधूरा सेवा समिति की बैठक में उत्तरायणी पर्व धूमधाम से मनाने और मेला आयोजित करने का निर्णय लिया गया। धाम में विद्युतीकरण नहीं करने पर समिति सदस्यों ने आक्रोश जताया। तय किया कि विद्युतीकरण नहीं करने पर समिति सदस्य ग्रामीणों और भक्तों के साथ शीघ्र आंदोलन करेंगे।
श्री ब्यानधूरा मंदिर समिति अध्यक्ष पं. शकर दत्त जोशी की अध्यक्षता और महामंत्री जमन महरा के संचालन में हुई बैठक में 14 जनवरी को उत्तरायणी मेला आयोजित करने के साथ रात्रि जागरण करने, 15 जनवरी को पूजा अर्चना करने का निर्णय लिया। मंदिर में सुरक्षा के लिए पुलिस तैनात करने की मांग उठाई गई। इस संबंध में एसडीएम को ज्ञापन भी सौंपा गया। मंदिर परिसर में पेयजल व्यवस्था न होने पर चिंता जताई गई। निर्णय लिया गया कि मंदिर के विकास को लेकर समिति सदस्यों का शिष्टमंडल शीघ्र ही मुख्यमंत्री से मिलेगा। बैठक में ककनई के प्रधान मोहन सिंह ,पवन महरा, भुवन जोशी, पं. मोहन जोशी, नंदाबल्लभ जोशी, दया किशन जोशी, बिशन सिंह महरा, दीप चंद्र पाठक आदि थे।
बेलखेत मेले के लिए सजने लगा मंदिर
चंपावत। जिला मुख्यालय से 35 किलोमीटर दूर बेलखेत में उत्तरायणी मेले के लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं। हर वर्ष उत्तरायणी पर्व पर लगने वाले मेले में हजारों लोग यहां बने कैलपाल बाबा के दर्शन करने के लिए आते हैं। सामाजिक कार्यकर्ता सुंदर सिंह बोहरा ने बताया कि हर वर्ष उत्तरायणी पर्व पर यहां विशाल मेले का आयोजन होता है। मेले के दूसरे दिन यहां एक विशाल भंडारे का आयोजन किया जाता है। ब्यूरो