पाटी (चंपावत)। विकासखंड के किसानों ने फसल बीमा का लाभ न मिलने और सब्सिडी का पैसा न मिलने पर नाराजगी जताई है। उन्होंने खंड विकास अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर काश्तकारों को फसल बीमा का लाभ दिलाने के साथ सब्सिडी का पैसा उन्हें वापस दिलाने की मांग की।
किसान योगेश जोशी, भुवन चंद्र जोशी, गोपाल सिंह, छत्तर सिंह, राजन सिंह, लाल सिंह, देव सिंह, मोहन सिंह, बिशन सिंह ने बीडीओ डॉ. अमित ममगांई को दिए ज्ञापन में कहा है कि विगत वर्ष किसानों ने गेहूं, मसूर आदि का बीज पाटी की कृषि रक्षा इकाई की शाखा देवीधुरा से लिया था। इसमें उस समय किसानों से उनके आधार कार्ड तथा खाता नंबर जमा किए गए थे कि उनके खाते में बीज की कुल लागत का आधा पैसा उनके खाते में आएगा।
खाते से ही 200 से 250 रुपये को फसल बीमा के लिए काटा गया था। ओलों की मार से किसानों की फसल चौपट हो गयी थी, लेकिन किसी भी किसान को न तो फसल बीमा का लाभ मिल सका और न ही बीज खरीद की सब्सीडी का एक रुपया तक मिला है। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उन्हें बीमा और सब्सिडी का पैसा नहीं दिया गया तो वे आंदोलन के लिए बाध्य हो जाएंगे। बीडीओ का कहना है कि यह मामला उनके संज्ञान में अभी आया है, उन्होंने मामले की जांच का आश्वासन दिया है।