टनकपुर (चंपावत)। पूर्णागिरि मार्ग के जंगल से सटे बोरागोठ गांव में हाथियों की दस्तक थम नहीं रही है। शनिवार रात किरोड़ा रोखड़ में सड़क किनारे खड़े तीन हाथियों ने पहले करीब आधे घंटे तक पूर्णागिरि मार्ग पर यातायात बाधित किया और फिर मध्य रात्रि में बोरागोठ गांव में दो मकानों की चहारदीवारी तोड़ दी। इसके बाद एक किसान की गन्ने की काफी फसल रौंदकर नष्ट कर दी।
शनिवार को हाथियों का यह झुंड रात करीब नौ बजे पूर्णागिरि मार्ग पर किरोड़ा रोखड़ के पास सड़क किनारे खड़ा हो गया, इससे पूर्णागिरि मार्ग पर करीब आधे घंटे तक यातायात ठप रहा। बाद में हाथी जंगल की तरफ निकल गए, लेकिन रात में फिर बोरागोठ में घुसे हाथियों ने लक्ष्मी दत्त शर्मा, वीरेंद्र थापा के मकान की चहारदीवारी तोड़ दी और निर्मल पाठक के बटाईदार महेंद्र की गन्ने की काफी फसल रौंदकर नष्ट की है। ग्राम प्रधान रेनू देवी, पूर्व प्रधान जीत सिंह, बीडीसी सदस्य दीपा देवी आदि का कहना है कि हाथियों का झुंड गांवों में लगातार दस्तक दे रहा है। उन्होंने जल्द सुरक्षात्मक कदम नहीं उठाए जाने पर ग्रामीणों को साथ ले सड़क पर उतरने की चेतावनी दी है।
हमला करने को लोगों के पीछे दौड़ा हाथी
गांवों में उत्पात मचा रहे हाथी लोगों पर हमले का भी प्रयास कर रहे हैं। बताया गया कि शनिवार रात पूर्णागिरि मार्ग पर किरोड़ा रोखड़ में खड़े तीन हाथी जब सड़क किनारे खड़े थे तो वहां मौजूद लोग मोबाइल से उनकी फोटो खींच रहे थे। तभी एक हाथी ने फोटो खींच रहे लोगों के पीछे दौड़कर हमले का प्रयास किया। इस पर यह लोग भाग खड़े हुए।