टनकपुर (चंपावत)। अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से 24 से 26 फरवरी तक टनकपुर के संयुक्त चिकित्सालय में लगाए जा रहे निशुल्क मर्म चिकित्सा शिविर को लेकर लोगों को काफी उम्मीदें हैं।
पहले हो चुके सात सौ से ज्यादा मरीजों के पंजीकरण के बाद अब नए मरीज भी अपना पंजीकरण करा रहे है, इसके चलते मरीजों की संख्या और बढ़ने की उम्मीद है। इधर, अमर उजाला फाउंडेशन एवं मृत्युंजय मिशन हरिद्वार के साथ ही स्थानीय आयोजकों की टीम भी शिविर के सफल आयोजन की तैयारी में जुटी है।
निशुल्क मर्म चिकित्सा शिविर में मृत्युंजय मिशन हरिद्वार की टीम के अलावा अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त मर्म चिकित्सा विशेषज्ञ डॉ.सुनील जोशी खुद भी असाध्य रोग पीड़ितों का इलाज करेंगे। इससे पहले जनवरी में शिविर का आयोजन प्रस्तावित था, लेकिन तब ठंड अधिक पड़ने एवं मौसम खराब होने के कारण शिविर का आयोजन स्थगित करना पड़ा था।
आयोजकों के मुताबिक पूर्व में जनवरी में प्रस्तावित शिविर के लिए पंजीकरण करा चुके मरीजों को अब दोबारा पंजीकरण कराने की जरूरत नहीं है, लेकिन जोड़ों में दर्द एवं अन्य असाध्य रोगों से पीड़ित नए मरीज अपना पंजीकरण करा सकते हैं। शिविर में मर्म बिंदुओं के उत्प्रेरण से असाध्य रोग पीड़ितों का इलाज किया जाएगा। शिविर के आयोजन में जिला प्रशासन के साथ ही लायंस क्लब की स्थानीय इकाई भी सहयोग दे रही है। स्थानीय आयोजक राजीव आर्य एवं डॉ. एम शाहिद ने बताया कि पंजीकरण के पहले दिन करीब 25 नए रोगियों ने पंजीकरण कराया है।
इन रोगों का होगा इलाज
मर्म चिकित्सा शिविर में प्रोलैप्स स्लिप डिस्क, संधिवात (रूमेटाइड आर्थराइटिस) घुटने खराब होना (आस्टिया आर्थराइटिस) गठिया, लंगड़ापन, सर्वाइकल स्पॉन्डोलाइटिस, फ्रोजन शोल्डर, लकवा, पोस्ट पोलियो पैरेसिस, कार्पल टनल, सिन्ड्रोम, सेरिब्रल पाल्सी, डाउन सिन्ड्रोम, माइग्रेन, दमा, रक्तचाप, हृदयरोग, स्नायु (न्यूरोलॉिजिकिल) रोगों का इलाज होगा।