टनकपुर। मिनी स्टेडियम में चल रही अंडर-16 क्रिकेट प्रतियोगिता का मुकाबला जीतकर मझगांव ने ट्राफी पर कब्जा किया। मुख्य अतिथि विधायक कैलाश गहतोड़ी ने विजेता और उप विजेताओं को पुरस्कार बांटे।
प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला मझगांव इलेवन और टनकपुर की टीमों के बीच हुआ। मैच का शुभारंभ जिला पंचायत सदस्य ऊषा गुरूंग ने किया। मझगांव की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 9 विकेट के नुकसान पर 161 रन बनाए, जिसमें करन ने सर्वाधिक 29 रनों का योगदान दिया। टनकपुर के गेंदबाज यश ने दो विकेट लिए। जवाब में टनकपुर की टीम 11वें ओवरों में 89 रनों पर ही ढेर हो गई। टीम के लिए सबसे अधिक 17 रन सागर जोशी ने बनाए। मझगांव की ओर से गेंदबाज करन ने चार खिलाड़ियों को आउट किया। मैच के अंपायर नवीन और अमित बिष्ट थे। मैच का आंखों देखा हाल मोहित चंद ने सुनाया, जबकि स्कोरर की भूमिका विवेक ने निभाई। इस दौरान प्रतियोगिता के आयोजक अविनाश कुमार, सुरेश सामंत, अरुण गोस्वामी आदि मौजूद थे।