बनबसा (चंपावत)।
एसएसबी ने एक नेपाली पशु तस्कर के कब्जे से आठ बैल पकड़े हैं। तस्कर नेपाल से बैल लेकर बेचने के लिए भारत ला रहा था। एसएसबी ने नेपाली तस्कर को मय बैलों के खटीमा कस्टम के सुपुर्द कर दिया।
57वीं वाहिनी के कमांडेंट आरके त्रिपाठी के निर्देश पर एसएसबी जवान इन दिनों भारत-नेपाल सीमा पर पेट्रोलिंग और चेकिंग अभियान पर हैं। बुधवार को वाहिनी की धनुषपुल स्थित डी कंपनी के जवान अपने कमांडर एसआई मनजीत सिंह के निर्देश पर भारत नेपाल सीमा स्थित जंगल पर पेट्रोलिंग कर रहे थे।
इसी बीच उन्हें जंगल में कुछ हलचल दिखाई दी। घेराबंदी कर जब एसएसबी जवान नजदीक पहुंचे तो एक व्यक्ति नेपाल की ओर से आठ बैल लेकर भारतीय सीमा में प्रवेश कर चुका था। एसएसबी ने उसे बैलों समेत पकड़ लिया। एसएसबी डी कंपनी के कमांडर ने बताया कि पकड़ा गया पशु तस्कर नेपाल के कंचनपुर जिले के चांदनी गांव का रहने वाला है। उसने अपना नाम प्रेम सिंह बताया है।