चंपावत/लोहाघाट/पाटी। जिले के विभिन्न स्थानों में इन दिनों रामलीला मंचन की धूम मची हुई है। जिला मुख्यालय से लगभग 30 किमी दूर अमोड़ी में 64 वर्षों से रामलीला का लगातार मंचन किया जा रहा है। यहां रामलीला के प्रति लोगों में उत्साह देखने को मिल रहा है। यहां नवें दिन की लीला में लंका दहन तक की लीला का मंचन किया गया।
इससे पूर्व भगवान राम ने सीता की खोज के लिए हनुमान को भेजते हुए कहा संदेशा ओ पवन सुत तु सिया प्यारी से कह देना। रामलीला मंचन में कमेटी के अध्यक्ष खिमानंद भट्ट, कोषाध्यक्ष बलदेव भट्ट, संचालक सुरेश भट्ट, मुख्य व्यस्थापक जिला पंचायत सदस्य उमा शंकर भट्ट, ग्राम प्रधान ललित मोहन आदि सहयोग कर रहे हैं।
चौमेल, मडलक, सैलपेडू, पुलहिंडोला, पाटी, वालिक में रामलीला की जबरदस्त धूम मची हुई है। लीला को देखने के लिए दर्शकों की भीड़ उमड़ रही है। पाटी में नवें दिन की रामलीला में सीता की खोज में राम लक्ष्मण का शबरी के आश्रम में पहुंचना, सबरी द्वारा जूठे बेर खिलाने की लीला का मंचन किया गया। लीला अध्यक्ष सुरेंद्र लड़वाल के दिशा निर्देशन में रामलीला आयोजित हो रही है। चमदेवल में रामलीला कमेटी के अध्यक्ष भुवन धौनी के दिशा निर्देशन में अंगद रावण का शानदार मंचन किया गया। लीला में अंगद के पात्र 60 वर्षीय रामलीला कमेटी के पूर्व अध्यक्ष तारा सिंह धौनी ने शानदार अभिनय कर दर्शकों की खूब वाही लूटी। रावण के पात्र दीपक सिंह धौनी का अभिनय काफी सराहा गया। चौमेल में अंगद रावण से लेकर लक्ष्मण शक्ति तक की लीला दिखाई गई।