चंपावत। बीते दिनों हुई बारिश के कहर से अभी भी ग्रामीण जन-जीवन पटरी पर नहीं आ सका है। जिले में चार सड़कें अभी तक सुचारु नहीं हो पाई हैं। जिला आपदा नियंत्रण अधिकारी मनोज पांडेय का कहना है कि बंद सड़कों को खोलने के लिए जेसीबी लगाए गए हैं। जल्द ही इनको सुचारु कर दिया जाएगा।
क्षेत्र में रविवार को दिन भर मौसम बेहद खुशगवार रहा। लोक निर्माण विभाग विभाग ने गल्लागांव-देवलमाफी और ककरालीगेट-ठुलीगाड़ सड़क को यातायात के लिए सुचारु किया। लेकिन चार सड़कों पर यातायात के पहिये अभी जाम हैं। जिससे इन सड़कों से जुड़े ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आवाजाही करने में काफी दिक्कतें उठानी पड़ रही है। सल्ली के ग्राम प्रधान पूरन सिंह रावत का कहना है कि 7 जुलाई से बंद सड़कों को जल्द से जल्द खोलने के प्रयास किए जा रहे हैं। टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर अभी भी धौन व चल्थी के आसपास मलबा गिरने से आवाजाही जोखिम भरी बनी हुई है। प्रशासन ने इन जगहों से गुजरने पर सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए हैं।
चंपावत जिले के बंद मोटर मार्ग
गौड़ी-किमतोली, सूखीढांग-डांडा-मीनार, धौन-सल्ली, वालिग-गागर।
चंपावत जिले में हुई बारिश की मात्रा
चंपावत:3मिमी
लोहाघाट:2 मिमी
पाटी: 10 मिमी
बनबसा:0 मिमी