पांच दिनी हिमाद्री नाट्य महोत्सव आज से
लोहाघाट (चंपावत)। केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय के उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र इलाहाबाद की ओर से यहां युवा भवन में आठ जून से पांच दिवसीय हिमाद्री नाट्य महोत्सव होगा। महोत्सव में विभिन्न स्थानों से आए कलाकार प्रस्तुतियां देंगे।
कार्यक्रम प्रभारी मधुकांत मिश्रा और केंद्र के प्रभारी निदेशक नरेंद्र सिंह ने बताया कि स्थानीय प्रशासन और कुमाऊं लोक सांस्कृतिक कला दर्पण संस्था के सहयोग से महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। आठ जून को शाम छह बजे महोत्सव का शुभारंभ होगा। शुभारंभ अवसर पर चंडीगढ़ के अलंकार थिएटर के कलाकार चाला हो गया हास्य नाटक प्रस्तुत किया जाएगा।
नौ जून को बिहार पटना की संस्था रंग समूह मानव कॉल द्वारा लिखित हास्य नाटक पार्क का मंचन करेगी। 10 जून को प्रसिद्ध व्यंग्यकार हरिशंकर परसांई द्वारा लिखित हास्य एवं व्यंग्य नाटक आमरण अनशन, जबलपुर की नाट्य लोक संस्था द्वारा 11 जून को मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध लेखक अलख नंदन द्वारा लिखित स्वांग मल्टीनेशन हास्य नाटक और 12 जून का अल्मोड़ा की नव हिमालयन लोक कलाकेंद्र के कलाकारों द्वारा गंगनाथ की लोक गाथा का मंचन किया जाएगा। कुमाऊं लोक सांस्कृतिक कला दर्पण के दल नायक भैरवदत्त राय, मधुकांक मिश्रा ने लोगों से महोत्सव में भाग लेने की अपील की है। महोत्सव में भाग लेने के लिए कोई प्रवेश शुल्क नहीं है।