चंपावत। लोकसभा चुनाव में मतदान स्थल पर दिव्यांग वोटरों को जरूरी सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी। रविवार को हुई बैठक में डीएम रणवीर सिंह चौहान ने अधिकारियों को सभी 321 मतदान स्थलों में दिव्यांग मतदाता सहायता केंद्र बनाने के अलावा गांवों में बैठक कर दिव्यांगों की मतदान के लिए जरूरतों को चिन्हित करने के निर्देश दिए। डीएम ने दिव्यांग मतदाताओं को बूथों से संबंधित जानकारी एसएमएस से देने को कहा।
उन्होंने 25 मार्च तक दिव्यांग मतदाताओं की सूची को अंतिम रूप देने और दिव्यांग मतदाताओं की श्रेणी नोटिस में लेकर बूथवार सूची सेक्टर मजिस्ट्रेट, बीएलओ और राजस्व उप निरीक्षक को उपलब्ध कराने को कहा। दिव्यांगों को घर से मतदान केंद्र तक लाने के लिए व्हील चेयर, डोली की व्यवस्था के अलावा एनसीसी, स्काउट-गाइड, स्वयंसेवकों को नामित करने की हिदायत जिला समाज कल्याण अधिकारी को दी। दिव्यांग मतदाताओं के लिए वोटर गाइड तैयार कर बीएलओ के जरिए वितरित करवाने और स्वीप प्रभारी जीवन कलौनी को ईवीएम, वीवीपैट का प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए। बैठक में एडीएम टीएस मर्तोलिया, एसडीएम अनिल गर्ब्याल, शिप्रा जोशी, एडीईओ एनएस महरा, सीईओ आरसी पुरोहित, सीएमओ डॉ. आरपी खंडूरी, बीईओ हरेंद्र साह, अंशुल बिष्ट, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मनोज पांडेय, लोनिवि के सहायक अभियंता सीएम पांडेय, ईओ अभिनव कुमार, कमल कुमार, एआर पीएस राणा, शिव प्रसाद जोशी, एमडी भट्ट, भुवन पनेरू, दीपक गहतोड़ी मौजूद थे।
इन मोबाइल नंबरों पर मिल सकेगी जानकारी
चुनाव से संबंधित किसी भी समस्या के समाधान के लिए दिव्यांग मतदाता मोबाइल नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं। दिव्यांग मतदाता सहायता केंद्र के नोडल अधिकारी डीडी आर्या के मोबाइल नंबर 9690465761, समाज कल्याण के दीपक गहतोड़ी के नंबर 9410569157 और दिव्यांग मतदाता सहायता केंद्र के नंबर 05965-230307 पर दिव्यांग मतदाता संपर्क कर सकते हैं। ब्यूरो