टनकपुर (चंपावत)। शक्तिमान ट्रक मालिक का निधन होने से शोक में शारदा से खनिज निकासी शुरू नहीं हो पाई है। अब 26 दिसंबर से खनिज निकासी होगी।
सोमवार से खनिज निकासी शुरू होनी थी, लेकिन रविवार शाम खनन कारोबार से जुड़े ट्रक मालिक नायकगोठ निवासी नरेश सिंह (56) का अचानक निधन होने से खनिज निकासी स्थगित कर दी गई। नरेश खनन कारोबारी महेश सिंह के बड़े भाई थे। बताया गया कि नरेश पिछले कुछ समय से अस्वस्थ थे।
सोमवार सुबह शारदा घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। विधायक कैलाश गहतोड़ी, पालिका अध्यक्ष विपिन कुमार वर्मा, जिपं सदस्य उर्मिला चंद, पूर्व पालिकाध्यक्ष लक्ष्मी पांडेय, पूर्व दर्जा राज्यमंत्री शिवराज सिंह कठायत, शारदा शक्तिमान ट्रक-ट्रैक्टर एसोसिएशन अध्यक्ष राजेंद्र सिंह रावत राजू, पूर्व अध्यक्ष योगेंद्र सिंह ज्याल योगी आदि ने खनन कारोबारी के निधन पर शोक जताया। इधर, शक्तिमान ट्रक-ट्रैक्टर एसोसिएशन अध्यक्ष राजेंद्र सिंह रावत राजू ने बताया कि मंगलवार को क्रिसमस-डे का अवकाश होने से अब बुधवार 26 दिसंबर से खनिज निकासी शुरू की जाएगी।