चंपावत। राज्य के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत 24 अक्तूबर को जिला मुख्यालय में नवनिर्मित रोडवेज बस स्टेशन का लोकार्पण करेंगे। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन तैयारियों में जुट गया है।
इस संबंध में जिलाधिकारी सुरेंद्र नारायण पांडेय की अध्यक्षता में शनिवार को सुबह साढ़े दस बजे से जिला सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक आयोजित की जाएगी। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए रोडवेज बस स्टेशन परिसर में अवशेष कार्यों को युद्ध स्तर पर पूरा किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन स्टेशन परिसर का निरीक्षण भी किया। जिला कार्यालय की प्रभारी अधिकारी सीमा विश्वकर्मा ने बताया कि 24 अक्तूबर को मुख्यमंत्री की ओर से जिले के विकास कार्य की समीक्षा भी होगी। बैठक में रखे जाने वाले प्रस्तावित बिंदुओं पर चर्चा करने के लिए 13 अक्तूबर को जिला सभागार में बैठक होगी।