चंपावत। लोहाघाट में अक्सर लगने वाले जाम के झंझट से नागरिकों को जल्द ही मुक्ति मिलने वाली है। ऐसा यहां पार्किंग स्थल बनने से होगा। इस पार्किंग स्थल के लिए लोक निर्माण विभाग ने 14 लाख रुपये का प्रस्ताव शासन को भेज दिया है। गैस गोदाम और पेट्रोल पंप के बीच की खाली पड़ी भूमि में इस पार्किंग स्थल का निर्माण किया जाएगा।
एसपी धीरेंद्र गुंज्याल ने बताया कि लोक निर्माण विभाग की ओर से प्रस्तावित पार्किंग स्थल में भूमिगत नालियों के साथ ही फुटपाथ का निर्माण किया जाएगा। प्रस्तावित पार्किंग स्थल में टैक्सी वाहनों की पार्किंग सुविधा के साथ ही पैदल यात्रियों के चलने के लिए सुरक्षित लेन भी बनाई जाएगी। इससे पूर्व पार्किंग स्थल के लिए 7.8 लाख रुपये की कार्ययोजना तैयार की गई थी, लेकिन कार्ययोजना के प्रारूप में खामियां होने के कारण अब नए सिरे से 14 लाख रुपये का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
रोडवेज बस अड्डे में बिछाई जाएंगी टाइलें
चंपावत। पुलिस अधीक्षक धीरेंद्र गुंज्याल का कहना है कि पार्किंग स्थल के प्रस्ताव में लोहाघाट रोडवेज बस अड्डे में टाइल बिछाने के कार्य को भी शामिल किया गया है।
वर्तमान में बस स्टेशन परिसर के ढलान में होने के कारण परिसर में हर समय कीचड़ रहता हैं। टाइल बिछाने के बाद कीचड़ की समस्या का समाधान भी हो जाएगा।