चंपावत। जिले के सीमांत मंच और ललुवापानी फीडर के लाइन पर पेड़ गिरने से सोमवार रात बिजली गुल हो गई। इससे 20 घंटे तक बिजली गुल रही। बिजली गुल होने से ग्रामीण क्षेत्र के लगभग पांच हजार आबादी प्रभावित हुई।
ग्रामीण क्षेत्र कानूखान और भनार में बारिश के दौरान लाइन में पेड़ गिर गया। इसके चलते 20 घंटे तक ललुवापानी, खर्क, सिप्टी, पुनाबे के अलावा सीमांत मंच, सौराई में बिजली गुल रही। बिजली नहीं होने से लोगों को दिक्कतों को समाना करना पड़ा। बिजली नहीं होने से अधिकांश लोगों के मोबाइल स्विच ऑफ हो गए थे। लोगों की शिकायत के बाद ऊर्जा निगम ने मंगलवार सुबह से ही लाइन में काम करना शुरू कर दिया। करीब 20 घंटे बाद बिजली सुचारु हो पाई।
ऊर्जा निगम के उप खंड अधिकारी विकास भारती ने बताया कि मंच के भनार और ललुवापानी के कानूखान बिजली लाइन में पेड़ गिरने से सोमवार रात बिजली गुल हो गई थी। मंगलवार को लाइन में आए फाल्ट को ठीक कर ग्रामीण क्षेत्रों की बिजली व्यवस्था सुचारु कर दिया गया है।