टनकपुर (चंपावत)। आग की घटनाओं से सुरक्षा के लिए टनकपुर और बनबसा क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर फायर हाईड्रेंट कनेक्शन लगाने की कोशिश शुरू हो गई है। अग्निशमन विभाग की ओर से स्थलों का चयन करने के बाद अब जलसंस्थान ने फायर हाईड्रेंट के लिए कनेक्शन लगाने को सर्वे शुरू कर दिया है। टनकपुर में दस और बनबसा क्षेत्र में चार हाईड्रेंट बनाए जा रहे हैं।
प्रभारी अग्निशमन अधिकारी श्याम सिंह ने बताया कि टनकपुर में शिवालिक चौक, आंबेडकर पार्क, कोतवाली गेट, शारदा फिलिंग स्टेशन, चड्डा चौराह, गांधी मैदान नेहरू पार्क रोड, पीलीभीत चुंगी चौराह, तुलसीराम चौराह, टैक्सी स्टैंड के पास और टीआरसी गेट के पास हाईड्रेंट के लिए स्थल चिह्नित किए गए हैं।
वहीं, बनबसा क्षेत्र में पाटनी तिराह के पास, थाने के पास, पंचायत घर के समीप और मीना बाजार रेलवे स्टेशन में हाईड्रेंट बनाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि जलसंस्थान के साथ संयुक्त निरीक्षण कर रिपोर्ट पुलिस अधीक्षक को भेजी गई है। इधर जलसंस्थान के अवर अभियंता बीएस कुवार्बी ने बताया कि अग्निशमन विभाग द्वारा चिह्नित स्थलों पर पेयजल लाइन से कनेक्शन जोड़कर हाईड्रेंट बनाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। विभाग की टीम द्वारा कनेक्शनों के लिए सर्वे किया जा रहा है।