बनबसा (चंपावत)। नेपाल सीमा से सटे क्षेत्र के सुदूरवर्ती गांव भैंसाझाला के ग्रामीण अब भी एक सड़क के लिए तरस रहे हैं। शासन-प्रशासन के अलावा जनप्रतिनिधियों ने भी ग्रामीणों की गुहार पर ध्यान नहीं दिया। अब ग्रामीणों ने जल्द ही सड़क का निर्माण नहीं कराने पर शासन-प्रशासन के खिलाफ उग्र आंदोलन का एलान किया है।
गुदमी ग्रामसभा के अंतर्गत नेपाल सीमा से सटे भैंसाझाला के ग्रामीणों ने सड़क की मांग शासन-प्रशासन के अलावा जनप्रतिनिधियों के समक्ष भी रखी, लेकिन किसी ने भी ग्रामीणों की समस्या का समाधान नहीं किया। ग्रामीण आनंद कापड़ी ने बताया कि बरसात में कीचड़ और जलभराव युक्त कच्चे मार्ग से आवागमन में खासी परेशानी होती है। गुदमी के प्रधान अरुण कुमार ने बताया कि भैंसाझाला में संपर्क मार्ग न होने से बरसात में किसानों को खेती करने को ट्रैक्टर आदि लाने ले जाने और फसलों को बाजार तक पहुंचाने में दिक्कतें आती हैं। ग्रामीण भाष्कर दत्त कापड़ी, गोपाल सिंह गोवाड़ी, अर्जुन चंद, जगदीश कापड़ी गीता कापड़ी, देवकी देवी, नंदा देवी आदि ने भैंसाझाला में सड़क नहीं बनाए जाने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।