चंपावत। एडीएम हेमंत कुमार वर्मा ने लोनिवि और पीएमजीएसवाई के अभियंताओं को वर्षाकाल में अधूरी और कच्ची सड़कों में वाहनों का संचालन बंद रखने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने बिना पास हुई इन सड़कों पर वाहन संचालन में सावधानी के लिए अभियंताओं को अग्रिम कार्यवाही करने, लोगों को जागरूक करने तथा इन सड़कों के प्रारंभ और समाप्ति स्थान पर सड़क की स्थिति दर्शाने वाले साइन बोर्ड लगाने के निर्देश दिए हैं। पीएमजीएसवाई की अमोड़ी-छतकोट, स्याला-पोथ, धौन-सल्ली तथा लोहाघाट की बाराकोट-कोठेरा, रैंगलबैंड-बिंगराकोट, पाटी-बूम, खेतीखान-बुंगाविरोला सड़क कच्ची और अर्द्धनिर्मित हैं। उन्होंने इन सड़कों पर वाहन संचालन को खतरनाक बताते हुए सड़कों पर मलबा, बोल्डर आने, पेड़ गिरने, फिसलने आदि की संभावना जताई है।
उन्होंने वाहन संचालकों से कहा है कि इन कच्ची और बिना पास सड़कों पर वाहन दुर्घटना होने की संभावना के दृष्टिगत वर्षाकाल में इन सड़कों पर वाहन संचालन न करें।
लोनिवि चंपावत डिवीजन की ये सड़के नहीं हैं पास
चंपावत। लोनिवि चंपावत डिवीजन में रीठासाहिब-ढोलीगांव, जोश्यूड़ा-निलोटी, ईजरखंदक-चौड़ाख्याली, टाकखंदक-करौली, सिप्टी-सिमाड़, सूखीढ़ांग-डांडा मीनार, भनार-बोयल, बसौटी रौकुॅवर-बिलहड़ी, खेतीखान-तपनीपाल, सिप्टी-नायड़ी, नरसिंहडांडा-गुरौली, कैन्यूड़ा-बैड़ा, सिमल्टा-कांडा, खेतीखान-बनगढ़ी, खेतीखान-भागेश्वर मंदिर, खेतीखान-सुयालखर्क, चंपावत-किमतोली मोटर मार्गो का संयुक्त निरीक्षण नहीं हुआ है। इन सड़कों पर वाहन संचालन करना जान जोखिम में डालना और खतरनाक हो सकता है। ब्यूरो