टनकपुर (चंपावत)। बारहमासी रोड़ निर्माण में बस्तिया गांव के पास बन रही पुलिया (कल्वर्ट) का निर्माण रोकने को लेकर ग्रामीणों ने डीएम को संबोधित ज्ञापन एसडीएम अनिल सिंह गर्ब्याल को सौंपा। कहा कि कल्वर्ट बनने से बरसात में गांव में बाढ़, जलभराव की स्थिति पैदा हो जाएगी साथ ही फसलों को भी नुकसान पहुंचेगा। कहा कि कल्वर्ट गांव से दूर बनाया जाए। उन्होंने मांगे न माने जाने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
बस्तिया के ग्रामीणों ने कहा कि बस्तिया गांव के समीप फॉरेस्ट बैरियर से ग्रिफ कैंप तक सड़क में तीन कल्वर्ट बनाए गए हैं। इनसे बरसाती पानी भीषण नाले का रूप लेकर ग्रामसभा के आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंचता है जिससे गांव में बाढ़, जलभराव की समस्या पैदा होती है। पहले ग्रिफ के अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याओं को देखते हुए उक्त कल्वर्टों को बंद कर दिया था लेकिन अब बारहमासी सड़क निर्माण के चलते सड़क चौड़ीकरण के साथ ही नए कल्वर्टों का भी निर्माण किया जा रहा है जिससे बाढ़ का डर फिर से सताने लगा है। ग्रामीणों ने बरसाती पानी की निकासी की व्यवस्था अन्यत्र साधनों से करने और निर्माणाधीन पुलियों का निर्माण रोकने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में ग्रामप्रधान नवीन सिंह बोहरा, सुंदर सिंह बोरा, धीरज, सूरज कुमार, राकेश कोहली आदि शामिल थे।