टनकपुर (चंपावत)। तीन मार्च से शुरू हो रहे पूर्णागिरि मेले की तैयारी के तहत नगर पालिका ने व्यवस्थाओं से जुड़े ठेकों की नीलामी कर दी है। पार्किंग, बाल मुंडन, विद्युत, तहबाजारी और वाहन पार्किंग से पालिका को 34 लाख रुपये से ज्यादा का राजस्व प्राप्त हुआ है।
निगरानी कमेटी की देखरेख में बुधवार को हुई ठेकों की नीलामी में तहबाजारी का ठेका 8.60 लाख में अनीस अहमद के नाम छूटा है। इसके अलावा विद्युत का ठेका 91 हजार में राज सिंह, वाहन पार्किंग का ठेका 12.12 लाख में सोमनाथ सिंह और बाल मुंडन का ठेका 12.80 लाख रुपये में रघुवर सिंह ने नाम छूटा है।
नीलामी में करीब 25 ठेकेदारों ने हिस्सा लिया। हर व्यवस्था के ठेकों की नीलामी में सात-सात ठेकेदारों ने हिस्सा लिया। इस मौके पर ठेका नीलामी निगरानी समिति के सदस्य कोषाधिकारी के अलावा पालिकाध्यक्ष लक्ष्मी पांडेय, ईओ जयवीर सिंह राठी, लोनिवि के एई एपीएस बिष्ट, नगर पालिका के जेई लक्ष्मण सिंह बोहरा, वरिष्ठ लिपिक बसंतराज चंद आदि मौजूद थे।