लोहाघाट (चंपावत)। जीआईसी में ब्लॉक स्तरीय राष्ट्रीय जनसंख्या शिक्षा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर हुई जनसंख्या नियंत्रण विषय पर आधारित प्रतियोगिता में जीजीआईसी लोहाघाट पहले, जीआईसी जानकारीधार और जीआईसी लोहाघाट संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे। इस मौके पर बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
जीआईसी सभागार में प्रधानाचार्य हरिनंदन जोशी ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। वक्ताओं ने बढ़ती जनसंख्या को विश्व के लिए चिंताजनक बताया। प्रधानाचार्य ने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा कार्यक्रम की जिलास्तरीय प्रतियोगिता जीआईसी लोहाघाट में 11 सितंबर को होगी। शिक्षक अनूप कौशल के संचालन में हुए कार्यक्रम में डा.अरूण तलनियां, डा.एलएस यादव, शिवराज तड़ागी, रेणुका बिष्ट, अनिता नेगी, श्याम दत्त चौबे मौजूद थे।