टनकपुर (चंपावत)।
अंतरविद्यालयी राज्य स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में जिले की टीम से प्रतिभाग कर रहे ठा. एसएसआर जेएसआर राधेहरि राजकीय इंटर कॉलेज के बाक्सरों ने परचम लहराया है। दो स्वर्ण, तीन रजत और तीन कांस्य पदक जीतकर उन्होंने राज्य में जिले का गौरव बढ़ाया है। स्वर्ण विजेता दोनों खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है।
ब्लॉक एवं जिला स्तर की प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के बाद जिले की टीम से राधेहरि राजकीय इंटर कॉलेज टनकपुर के 13 और विवेकानंद विद्या मंदिर लोहाघाट के एक खिलाड़ी ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। 18 से 31 अगस्त तक देहरादून में हुई प्रतियोगिता में विशाल आगरी और हरीश मनोला ने स्वर्ण पदक जीता है। इसके अलावा अमित असवाल, अभिषेक कुमार, दिग्विजय रावत ने रजत और शुभम कुमार, हिमांशु मौनी, लोकेश मेहता ने कांस्य पदक जीता है। इनके अलावा प्रतियोगिता में राधेहरि इंटर कॉलेज के दीपक कुमार, कपिल बोहरा, नीरज ताकुली, विजय कुमार, कुणाल धामी, विवेकानंद विद्या मंदिर लोहाघाट के प्रकाश सिंह ने भी प्रतिभाग किया। खेल शिक्षक ललित मोहन भट्ट ने बताया कि स्वर्ण पदक विजेता विशाल आगरी, हरीश मोनाल का राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है।