चंपावत। कुमाऊं टैक्सी यूनियन महासंघ ने पुराने वाहनों में स्पीड गवर्नर लगाने के फैसले के विरोध में जिला मुख्यालय में प्रदर्शन किया।
महासंघ उपाध्यक्ष ललित मोहन भट्ट के नेतृत्व में वाहन चालकों और स्वामियों का कहना था कि टैक्सियों में स्पीड गवर्नर लगाने से वाहनों का नुकसान उठाना पड़ रहा है। खासतौर पर पहाड़ी हिस्से में चलने वाले वाहनों में स्पीड गवर्नर लगे होने से इंजन में काफी भार पड़ रहा है। जिस वजह से वाहनों के इंजन और पंप खराब हो जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की विषम भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए केंद्रीय परिवहन मंत्रालय की ओर से वाहनों में स्पीड गवर्नर लगाने पर रोक लगाने के आदेश दिए गए हैं। इसके बाद भी जिले में संभागीय परिवहन विभाग की ओर से स्पीड गवर्नर लगाए जा रहे हैं।
प्रदर्शन करने वालों में नारायण सिंह गैड़ा, मनोज गड़कोटी, कैलाश सिंह, राजेंद्र चंद्र, देवेंद्र प्रजापति, चंचल सामंत, मदन सिंह धौनी, प्रकाश कुंवर, मदन सामंत, कमल सिंह डांगी, बचन सिंह, विक्रम सिंह, प्रकाश महर, दयाल सिंह, महेश जोशी, हीरानाथ, जीवन सिंह, शंकर जोशी, प्रकाश राम आदि शामिल थे।