टनकपुर (चंपावत)। मां पूर्णागिरि धाम सेे लगे कोटकेंद्री गांव के आसपास के जंगल में तेंदुए का आतंक बना हुआ है। एक पखवाड़े के अंदर तेंदुए ग्रामीणों के करीब एक दर्जन से ज्यादा पशुओं को मौत के घाट उतार चुका है।
पूर्णागिरि धाम मंदिर समिति के अध्यक्ष पं. भुवन चंद्र पांडेय ने बताया कि तेंदुआ इन 15 दिनों में सोहन सिंह के दो बैल, एक गाय, पूरन राम के एक बैल, माधो सिंह के दो बैल, लक्ष्मण सिंह के एक बैल, चंदन सिंह धामी के एक बैल, पुष्कर राम के दो बैल, हेत राम की दो गाय, लक्ष्मण सिंह के एक बैल, सतीश सिंह की एक दुधारू भैंस को निवाला बना चुका है।
बताया कि बूम रेंज के वन अधिकारियों को लिखित सूचना दे दी गई है मगर अब तक सुरक्षा के कोई उपाय नहीं किए गए हैं। पूर्व ग्राम प्रधान मथुरा दत्त पांडेय, किशन तिवारी, मोहन चंद्र पांडेय, महेश चंद्र पांडेय, जगदीश तिवारी, हरीश तिवारी, प्रकाश पांडेय, कैलाश पांडेय, गिरीश पांडेय आदि ने प्रशासन, वन विभाग से सुरक्षा के कदम उठाने की मांग की है।